सेवराई। तहसील क्षेत्र के एक स्थानीय गांव में बुधवार को गैस सिलेंडर वितरण को लेकर जमकर हंगामा हो गया। सुबह से ही सिलेंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ा, लेकिन गैस की गाड़ी नहीं पहुंची। इससे नाराज लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने एजेंसी संचालक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
बताया जाता है कि गैस एजेंसी द्वारा बुधवार सुबह गाड़ी आने की सूचना दी गई थी। इसी के चलते बड़ी संख्या में उपभोक्ता सुबह से ही परेमन शाह पोखरा पर कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। कई घंटे बीत जाने के बावजूद न तो गैस वाहन पहुंचा और न ही चालक का फोन रिसीव हुआ। एजेंसी संचालक की ओर से भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता गया।
सूचना मिलते ही किसान नेता भानु प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने खाद्य आपूर्ति निरीक्षक व जिला पूर्ति अधिकारी से फोन पर वार्ता कर समस्या से अवगत कराया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि गैस की गाड़ी गुरुवार सुबह भेजी जाएगी।
इस दौरान महिला उपभोक्ता शशिबला ने बताया कि वह इंडियन गैस एजेंसी रेवतीपुर की उपभोक्ता हैं और बुकिंग के बाद उन्हें बुधवार को गैस मिलने की बात कही गई थी। इसी भरोसे वह सिर पर खाली सिलेंडर लाकर सुबह से लाइन में लगी रहीं, लेकिन अंत में उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।
किसान नेता भानु प्रताप सिंह ने चेतावनी दी कि यदि गुरुवार को गैस की आपूर्ति नहीं हुई तो उपभोक्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी संचालक और प्रशासन की होगी।मौके पर प्रमोद गुप्ता, दीपक अग्रहरि, संदीप शर्मा, अरुण कुमार गुप्ता, शिवम सिंह समेत दर्जनों उपभोक्ता मौजूद रहे।
इस संबंध में खाद्य आपूर्ति निरीक्षक मोहम्मद मोहिद ने बताया कि सिलेंडर की उपलब्धता न होने के कारण बुधवार को गाड़ी नहीं आ सकी। उन्होंने आश्वस्त किया कि गुरुवार सुबह गैस की आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाएगी।
