जगद्गुरु शंकराचार्य का भव्य स्वागत, श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब 


भांवरकोल / गाजीपुर। क्षेत्र के शेरपुर गांव में यज्ञ आयोजन समिति के कोर सदस्यों द्वारा श्रद्धेय जगद्गुरु शंकराचार्य दंडी स्वामी अनंतानंद सरस्वती जी के आगमन को लेकर व्यापक तैयारियां की गईं। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु राजेश राय बागी के नेतृत्व में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

निर्धारित समय के अनुसार प्रातः 9:30 बजे शेरपुर सहित आसपास के गांवों से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु अपने दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों, घोड़ा के साथ कुण्डेसर तिराहे पर एकत्रित हुए। वहां पहुंचते ही श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं एवं जयघोष के साथ पूज्य स्वामी जी का भव्य स्वागत किया। इसके बाद एक विशाल काफिले के रूप में सभी लोग स्वामी जी के साथ कार्यक्रम स्थल (राजेश राय बागी के खोचिया बगीचा) की ओर प्रस्थान किए।

पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। जगह-जगह लोगों ने काफिले का स्वागत किया और वातावरण( हर-हर महादेव) एवं धार्मिक नारों से गुंजायमान हो उठा।

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद विधिवत पूजन, भजन-कीर्तन एवं आशीर्वचन का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वामी जी ने अपने प्रवचन में धर्म, संस्कार और सामाजिक एकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को सदाचार और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों, जैसे व्यवसाय, कला, शिक्षा, सेवा एवं पत्रकारिता, में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों तथा ग्रामीणों को अंगवस्त्र एवं सम्मान प्रतीक देकर सम्मानित किया गया। इससे उपस्थित लोगों में गर्व और प्रेरणा का भाव देखने को मिला।

कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे (प्रसाद) का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की और प्रसाद ग्रहण किया। अंत में सभी ने पूज्य स्वामी जी से आशीर्वाद प्राप्त कर अपने जीवन को धन्य माना।

यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा, बल्कि सामाजिक समरसता और एकता का भी प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत कर गया।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें