नंदगंज (गाज़ीपुर)। मानव सेवा और सामाजिक सरोकार का एक प्रेरणादायक उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब रविवार को वाराणसी के सिगरा स्थित मैरेज प्वाइंट लॉन में “दी इमर्जिंग युवा फाउंडेशन” के तत्वावधान में वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए रक्तदान किया और जरूरतमंदों की मदद के लिए अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
संस्था द्वारा प्रतिवर्ष 200 से 250 यूनिट रक्त एकत्रित कर आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंद मरीजों की सहायता की जाती है। इस पहल के माध्यम से संस्था न केवल लोगों की जान बचाने में सहयोग कर रही है, बल्कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता भी फैला रही है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों को यह भी बताया गया कि रक्तदान महादान है और इससे शरीर में नई ऊर्जा का संचार होता है तथा कई गंभीर बीमारियों से बचाव में भी मदद मिलती है।
इस शिविर का सफल संयोजन भाजपा युवा मोर्चा वाराणसी के महानगर कोषाध्यक्ष श्री सुयश अग्रवाल एवं उनकी टीम द्वारा किया गया। कार्यक्रम में रामा दल वाराणसी के अध्यक्ष श्री साहिल सोनकर, उपाध्यक्ष डॉ. अश्वनी सिंह, कोषाध्यक्ष श्री श्याम बरनवाल सहित कई युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
इसी क्रम में सोमवार को नंदगंज (गाज़ीपुर) पहुंचे अश्वनी सिंह ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर रक्तदान के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करते रहना चाहिए, क्योंकि यह न केवल एक पुण्य कार्य है, बल्कि इससे डॉक्टरों को जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में बड़ी सहायता मिलती है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे आगे आएं और इस नेक कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम ने समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को और मजबूत करने का कार्य किया, वहीं युवाओं के इस उत्साह ने यह साबित कर दिया कि नई पीढ़ी सामाजिक जिम्मेदारियों को समझते हुए आगे बढ़ रही है।
