नोटिस जारी या फिर लीपापोती? गैस एजेंसी पर कार्रवाई को लेकर उठे बड़े सवाल उपभोक्ताओं में अविश्वास, पारदर्शिता की मांग


जखनिया (गाजीपुर)। स्थानीय तहसील क्षेत्र स्थित बंशीधर इंडेन गैस एजेंसी पर फर्जी डिलीवरी और गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के गंभीर आरोप सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। मामला सामने आने के बाद जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) अनंत कुमार सिंह ने एजेंसी को नोटिस जारी कर कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन 10 दिन बीत जाने के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, इंदु देवी (कंज्यूमर नंबर 5486191) ने 21 फरवरी 2026 को गैस बुक कराया था, जिसके बाद 25 फरवरी को उन्हें सिलेंडर डिलीवर होने का मैसेज प्राप्त हुआ। जबकि वास्तविकता में उन्हें गैस सिलेंडर मिला ही नहीं। इस संबंध में जब उन्होंने शिकायत की, तो अधिकारियों ने जांच का भरोसा दिया।

वहीं, मामले की जानकारी जिलाधिकारी अविनाश कुमार को भी दी गई, जिनके स्तर से जांच का आश्वासन मिला है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है, जिससे उपभोक्ताओं में असंतोष और अविश्वास बढ़ता जा रहा है।

आरोप यह भी है कि एजेंसी संचालक मामले को दबाने के लिए बाद में जबरन उपभोक्ता के घर सिलेंडर पहुंचाने की कोशिश कर रहा है, ताकि पूरे प्रकरण पर लीपापोती की जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि पहले भी एजेंसी पर कालाबाजारी के आरोप लगते रहे हैं।

उपभोक्ताओं का सवाल है कि जब उन्हें समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा, तो बाजार में भारी मात्रा में गैस सिलेंडर आखिर कहां से उपलब्ध हो रहे हैं। उनका आरोप है कि फर्जी डिलीवरी दिखाकर सिलेंडर खुले बाजार में बेचे जा रहे हैं।

कई अन्य उपभोक्ताओं ने भी इसी तरह की शिकायतें की हैं कि बिना सिलेंडर दिए ही मोबाइल पर डिलीवरी का मैसेज भेज दिया गया। ऐसे में यह मामला बड़े स्तर पर गड़बड़ी और सुनियोजित फर्जीवाड़े की ओर इशारा करता है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या प्रशासन इस मामले में वास्तविक कार्रवाई करेगा या फिर यह भी केवल कागजी नोटिस तक ही सीमित रह जाएगा। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें