पीपा पुल पर बड़ा हादसा टला, मवेशियों से लदा पिकअप वाहन फंसा


भांवरकोल /गाजीपुर । क्षेत्र के फिरोजपुर-बारा पीपा पुल पर बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पुल पर लगी लकड़ी का स्लीपर खिसक जाने के कारण मवेशियों से लदा एक पिकअप वाहन पुल में फंसकर लटक गया।

सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष संतोष कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त पीपा पुल में फंसे वाहन को निकालने का प्रयास शुरू किया। तिरपाल से ढके पिकअप वाहन में लदे मवेशी छटपटा रहे थे। पुलिस वाहन निकालने की कोशिश में जुटी रही, लेकिन समाचार लिखे जाने तक संबंधित विभाग का कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंच सका था। वाहन फंसने के बाद चालक फरार हो गया।

थाना अध्यक्ष संतोष कुमार राय ने ग्रामीणों की मदद से वाहन पर बंधी प्लास्टिक की तिरपाल हटवाई और पशुओं को बाहर निकलवाया। वाहन में क्रूरता पूर्वक कुल सात गायें लादी गई थीं। इनमें से चार गायों की मौत हो चुकी थी, एक गाय जीवन-मरण के बीच जूझ रही थी, जबकि दो अन्य गायें घायल थीं।

लोगों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लोक निर्माण विभाग द्वारा फिरोजपुर-बारा तट पर पीपा पुल का निर्माण कराया गया है। इस पुल से बाइक, चारपहिया वाहन तथा पैदल यात्री गंगा पार आवागमन करते हैं। पुल के निर्माण में प्रयुक्त जर्जर लकड़ी के स्लीपरों के बावजूद आए दिन ओवरलोड वाहन भी इस पर से गुजरते रहते हैं।

उत्तर प्रदेश और बिहार की सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित होने के कारण पशु तस्कर भी रात के अंधेरे में इस पुल का इस्तेमाल करने से नहीं हिचकते। बुधवार रात फिरोजपुर तट से पशु लदे वाहन को ले जाते समय स्लीपर टूटने से पिकअप वाहन पुल में फंस गया। संयोगवश वाहन गंगा की धारा में नहीं गिरा, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

पुल पर आवागमन बंद होने के कारण लोगों को नाव के सहारे गंगा पार करनी पड़ी। थाना अध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि वाहन को निकालने का प्रयास किया जा रहा है तथा मामले में संलिप्त लोगों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई की जाएगी।

अवर अभियंता रवि कुमार यादव ने बताया कि ओवरलोड वाहनों के कारण लोहे के गर्डर में लगे बोल्ट कट गए, जिससे पुल क्षतिग्रस्त हो गया।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें