सादात – गाज़ीपुर। राष्ट्रीय अविष्कार अभियान योजना के तहत मंगलवार को शिक्षा क्षेत्र सादात के उच्च प्राथमिक और कम्पोजिट विद्यालयों के 100 विद्यार्थियों का शैक्षिक एक्सपोजर विजिट सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। बच्चों को व्यावहारिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से यह भ्रमण कुशमौर स्थित राष्ट्रीय बीज विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान, मऊ में आयोजित किया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी सीताराम यादव ने दो बसों को हरी झंडी दिखाकर छात्रों को संस्थान के लिए रवाना किया। शैक्षिक भ्रमण में ब्लॉक के उच्च प्राथमिक और कम्पोजिट विद्यालयों के 100 चयनित छात्र-छात्रा शामिल रहे। विद्यार्थियों के साथ संबंधित विद्यालय के शिक्षक और अभिभावक भी उपस्थित रहे।
इस एक्सपोजर विजिट के दौरान विद्यार्थियों ने कृषि के महत्व को समझा। उन्होंने सूक्ष्म जीव ब्यूरो में माइक्रोस्कोप से जीवाणुओं का प्रदर्शन देखा, वर्मी कम्पोस्ट बनाने की प्रक्रिया जानी और न्यूनतम बीज प्रमाणीकरण मानकों द्वारा बीजों के प्रमाणीकरण के महत्व तथा विधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उन्नत बीज तकनीक, गुणवत्ता परीक्षण और फसलों की नई किस्मों पर हो रहे शोध से परिचित कराना था। शैक्षणिक सत्र के दौरान, छात्रों ने प्रयोगशाला में सूक्ष्म जीवों, जैविक खेती, मिट्टी परीक्षण और आधुनिक बीज उत्पादन की प्रक्रियाओं को बारीकी से समझा। संस्थान का लक्ष्य किसानों के लिए उन्नत और रोग-प्रतिरोधी बीज विकसित करना है।
सादात ब्लॉक के इन 100 छात्र-छात्राओं ने संस्थान के वैज्ञानिकों से सीधे बातचीत की और कृषि-विज्ञान की कई बारीकियां सीखीं। उन्होंने समझा कि उच्च गुणवत्ता वाले बीज कैसे तैयार किए जाते हैं, फसलों की नई किस्में कौन सी हैं और वैज्ञानिक तरीकों से फसलों को कीटों से कैसे बचाया जा सकता है।
इस अवसर पर एक्सपोजर विजिट के नोडल संतोष सिंह, बांके सिंह, रमाशंकर सिंह, सतीश सिंह, मीरा तिवारी, संजय वर्णवाल, अखिलेश यादव, सुधीर यादव, सावित्री यादव, कल्पना यादव, पंकज यादव और सुनील यादव सहित संबंधित विद्यालयों के शिक्षक और अभिभावक भी उपस्थित रहे।
