सादात-गाज़ीपुर। महाशिवरात्रि के अवसर पर भीमापार में भगवान शिव की बारात निकाली गई। इस बारात में सेंट जांस कान्वेंट स्कूल के बच्चों ने शिव, पार्वती और नंदी का रूप धारण किया, जो आकर्षण का केंद्र रहे।
बच्चों ने राम-जानकी, राधा-कृष्ण, बजरंगबली और लक्ष्मण के साथ-साथ ऋषि-मुनियों व राक्षसों का भी रूप धारण किया था। वे सभी रथों पर सवार होकर बारात में शामिल हुए।
शिव बारात सुबह करीब 11 बजे सेंट जांस कान्वेंट स्कूल से शुरू हुई। यह बारात बाजार और विभिन्न देवालयों से होते हुए राधाकृष्ण मंदिर भीमापार पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। बैंड-बाजे के साथ निकली इस बारात में बड़ी संख्या में युवक और शिवभक्त नाचते-गाते हुए शामिल हुए।
बारात के समापन के बाद राधाकृष्ण मंदिर में हरिनाम दास शास्त्री के निर्देशन और स्थानीय लोगों के सहयोग से भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। इस अवसर पर प्रबंधक विनय यादव, रोहित गुप्ता बुलट, छेदी सेठ, पन्ना यादव, साहब यादव, भैय्या लाल सोनकर, प्रधान प्रतिनिधि संतोष यादव, भूपेंद्र यादव, अजीत यादव, रामनिवास यादव, अशोक, रमाशंकर और अमित सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
