गाजीपुर। भांवरकोल स्थानीय थाना क्षेत्र के मच्छटी पुलिस चौकी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर गुरुवार दोपहर बालू लदा ट्रेलर अचानक खराब हो जाने से लगा जाम 24 घंटे बाद भी समाप्त नहीं हो सका है। जानकारी के अनुसार गाजीपुर की ओर जा रहे ट्रेलर का गुला (एक्सल का हिस्सा) करीब तीन बजे टूट गया, जिससे वाहन सड़क पर ही खड़ा हो गया और दोनों तरफ लंबी कतारें लग गईं।
घटना के बाद ट्रेलर को ठीक करने के लिए मिस्त्री बुलाया गया, लेकिन वह मरम्मत में सफल नहीं हो सका। बालू लदा होने के कारण ट्रेलर को सड़क से हटाना भी संभव नहीं हो पाया। चालक और ट्रेलर स्वामी कुशल मिस्त्री की तलाश में निकले हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई समाधान नहीं हो सका था।
मच्छटी चौकी प्रभारी श्याम सिंह ने बताया कि दूसरे कुशल मिस्त्री को बुलाने का प्रयास किया जा रहा है। जैसे ही ट्रेलर ठीक होगा, उसे तत्काल गंतव्य के लिए रवाना कर यातायात बहाल कराया जाएगा।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में है और ट्रक को शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही यातायात सुचारु कर दिया जाएगा।
हालांकि मौके पर मौजूद उपेडा कर्मचारियों के प्रयास से वाहन रेंग-रेंग कर निकल रहे हैं, लेकिन 24 घंटे तक जाम बने रहना संबंधित विभागों की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन भारी वाहन खराब होने से जाम लगना आम बात हो गई है और बिना जाम के सफर अब आश्चर्य जैसा लगता है।
