गाजीपुर। बाराचवर विकासखंड क्षेत्र के बीबीपुर ग्रामसभा में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बदबू और जलभराव के कारण लोगों का रास्ते से गुजरना भी मुश्किल हो गया है, साथ ही बीमारी फैलने का खतरा भी बना हुआ है।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामसभाओं को स्वच्छ रखने के लिए आरआरसी सेंटर निर्माण, डस्टबिन वितरण और स्वच्छता जागरूकता अभियान जैसी कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन बीबीपुर ग्रामसभा में इन योजनाओं का कोई प्रभाव दिखाई नहीं दे रहा है। गांव में सफाई व्यवस्था पूरी तरह बदहाल नजर आ रही है।
इस मामले पर ग्राम प्रधान चंद्रशेखर राजभर ने बताया कि “जब जिला पंचायत कोटे से आरसीसी रोड का निर्माण कराया गया था, तब नालियों के लिए जगह नहीं छोड़ी गई थी, जिसके कारण गंदे पानी का निकास नहीं हो पा रहा है। अगर मुझे दोबारा मौका मिलता है तो मैं अपने कार्यकाल में इस समस्या का स्थायी समाधान कराऊंगा।”
वहीं, बाराचवर की खंड विकास अधिकारी (BDO) सीमा कुमारी ने कहा कि जल्द ही सफाई कर्मियों को भेजकर गांव में साफ-सफाई कराई जाएगी। यदि नाली निर्माण की आवश्यकता होगी तो इसे कार्ययोजना में शामिल कर निर्माण कराया जाएगा।
स्थानीय ग्रामीण बेचू शर्मा ने आरोप लगाया कि नाली का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है और आम जनता को भारी समस्या हो रही है।
