गाजीपुर। भांवरकोल क्षेत्र के स्थानीय शिक्षा क्षेत्र में पठन-पाठन के लिए अग्रणी माने जाने वाले रेड रोजेज स्कूल, बसनिया में कक्षा-10 के विद्यार्थियों के लिए पारंपरिक विदाई समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत हरिद्वार से आए गायत्री परिवार के विद्वान यज्ञाचार्य द्वारा मां गायत्री के विधिवत पूजा अर्चना से हुई। इसके बाद जूनियर कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
आचार्य रविंद्र सिंह ने मनोकांक्षा स्वर में माता गायत्री का भजन प्रस्तुत किया, जिसके बाद विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने सामूहिक रूप से गायत्री हवन एवं पूजन में भाग लिया। धार्मिक अनुष्ठान के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने नृत्य, नाटक, गीत और अभिनय के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। यह कार्यक्रम देर शाम तक चलता रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य झारखंडेय राय ने भावुक होकर कहा कि आज भले ही ये विद्यार्थी विद्यालय से विदा ले रहे हैं, लेकिन यह उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे मन में गर्व और खुशी दोनों का भाव है।
विद्यालय के डायरेक्टर एवं सामाजिक कार्यकर्ता मुक्तिनाथ राय ने विदा ले रहे विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि विदाई सुख और दुःख दोनों भावों से भरी होती है। उन्होंने इसे वीर सैनिकों के अलगाव जैसा बताते हुए कहा कि यह दुःखद है, लेकिन साथ ही गर्व का क्षण भी है कि ये विद्यार्थी अपने शिक्षकों से ज्ञान लेकर अपने भविष्य की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
समारोह में शुभ्रांत राय, अभिषेक पाण्डेय, तारकेश्वर राय, आनंद राय, बरमेश्वर राय, दिव्या राय, ऋतु एवं शैल ओझा सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे और विद्यार्थियों को आशीर्वाद दिया। विदाई के क्षणों में कई विद्यार्थियों की आंखों में भावुकता के आंसू साफ दिखाई दिए।
कार्यक्रम के अंत में सभी के लिए नाश्ते एवं भोजन की व्यवस्था की गई और डायरेक्टर एम.एन. राय ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समारोह का समापन किया।
