नंदगंज (गाज़ीपुर) स्थित केमिस्ट ड्रगिस्ट एसोसिएशन नंदगंज द्वारा 77वाँ गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर देव दवा घर, सोरम मोड़ पर एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरव जायसवाल ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा उपस्थित सभी लोगों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
अपने अध्यक्षीय सम्बोधन में गौरव जायसवाल ने कहा कि दवा विक्रेता समाज देश के विकास में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी केमिस्ट साथियों से अपील की कि वे सरकार द्वारा बनाए गए नियमों के अंतर्गत ईमानदारी से कार्य करें और मानव जीवन को स्वस्थ, सुरक्षित एवं सुखी बनाने में अपना योगदान निरंतर देते रहें। उन्होंने कहा कि दवा का व्यापार केवल व्यवसाय नहीं बल्कि मानव सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, जिसे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाना चाहिए।
इस गरिमामय कार्यक्रम में बिपिन सिंह, पवन गुप्ता,पवन कुशवाहा,लल्लन यादव, मनोज,, रवि बरनवाल, विजय यादव, विवेक यादव, सहित अनेक केमिस्ट बंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर गणतंत्र दिवस की खुशियाँ साझा कीं।
कार्यक्रम का माहौल देशभक्ति से ओतप्रोत रहा और उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति अपनी आस्था दोहराई।
