कुशीनगर । नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने दो भैंसों पर हाथ साफ कर दिया। एक ही रात हुई दो घटनाओं से जहां पशुपालकों में भय का माहौल है, वहीं पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। पीड़ितों ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार पिपरा बाजार टोला बरवा पट्टी निवासी योगेन्द्र कुशवाहा तथा पिपरा जवाहिर निवासी शकूर की भैंसें सोमवार की रात चोर खोल ले गए। सुबह जब परिजन पशुओं को चारा देने पहुंचे तो भैंसें गायब मिलीं। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में इन दिनों पशु चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है। लोगों का अंदेशा है कि चोर दिन में खरीदार बनकर गांवों में घूमते हैं और पशुओं की रेकी कर रात में वारदात को अंजाम देते हैं। आशंका जताई जा रही है कि यह किसी बड़े गिरोह का काम हो सकता है, जो पिकअप वाहन से गांव के बाहर रुककर पशुओं को ठिकाने तक पहुंचाता है।
ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और शीघ्र चोरी का खुलासा करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में व्याप्त भय का माहौल समाप्त हो सके।इस संदर्भ में थानाध्यक्ष के सीयूजी नंबर पर जानकारी लेने हेतु फोन किया गया लेकिन फोन रिसीव नहीं हो सका ।


