नंदगंज में ईदुल फितर पर दिखी गंगा-जमुनी तहज़ीब, समाज के लोगों ने दी मुबारकबाद


नंदगंज। नंदगंज तथा आसपास के ग्रामीण इलाकों में ईदुल फितर का पर्व इस वर्ष अत्यंत हर्षोल्लास, आस्था और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाया गया। पूरे महीने रोज़ा रखने के बाद रोज़ेदारों ने 30 रोज़े पूरे कर अल्लाह का शुक्र अदा किया और ईद की नमाज़ अदा कर खुशियां मनाईं।

चांद दिखने के बाद ही ईद की तैयारियां तेज हो गई थीं। मग़रिब की नमाज़ के पश्चात बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। लोग कपड़े, सेवईं, मिठाइयां और अन्य आवश्यक सामानों की खरीदारी में जुटे रहे। घरों में महिलाओं ने पारंपरिक व्यंजन, विशेषकर सेवईं और अन्य पकवान बनाने की तैयारियां देर रात तक जारी रखीं।

ईद की सुबह नंदगंज और आसपास के क्षेत्रों में एक अलग ही उत्साह देखने को मिला। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी नए-नए परिधान पहनकर मस्जिदों और ईदगाहों की ओर नमाज़ अदा करने के लिए रवाना हुए। नंदगंज पश्चिम क्रॉसिंग स्थित बड़ी मस्जिद में सुबह लगभग साढ़े आठ बजे ईदुल फितर की नमाज़ अदा की गई। नमाज़ की इमामत हाफिज कासिम ने की तथा उन्होंने खुतबा पढ़ा।

नमाज़ के बाद लोगों ने देश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली के लिए दुआएं मांगीं। इसके उपरांत सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया।

ईद के अवसर पर लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर सेवईं और अन्य पकवानों का आनंद लिया। इस दौरान अन्य धर्मों के लोगों की भी भागीदारी देखने को मिली, जिसने क्षेत्र में गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे की मिसाल पेश की। हर तरफ आपसी सौहार्द और मेलजोल का माहौल बना रहा।

इसी क्रम में वरिष्ठ पत्रकार शमीम अहमद के साथ कई गणमान्य लोगों ने मुस्लिम समुदाय के घर-घर जाकर ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान मुकेश कुमार सिंह उर्फ पिंटू सिंह (उपाध्यक्ष, विश्व हिंदू परिषद वाराणसी), समाजसेवी शिवप्रसाद सिंह पत्रकार रमेश सोनी,एवं अन्य लोगों ने आपसी भाईचारे का संदेश देते हुए कहा कि ईद जैसे पर्व समाज में प्रेम, एकता और सद्भाव को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

उन्होंने कहा कि नंदगंज की पहचान हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब रही है, जहां सभी धर्मों के लोग एक-दूसरे के त्योहारों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। यही आपसी मेलजोल समाज को मजबूत बनाता है और देश की एकता को और सुदृढ़ करता है।

त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। सुबह से ही विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।

देर रात तक लोगों का एक-दूसरे के घर जाकर ईद की मुबारकबाद देने और खुशियां बांटने का सिलसिला चलता रहा, जिससे पूरा क्षेत्र ईद की खुशियों में सराबोर नजर आया।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें