मिश्रवलिया-सेवराई माइनर सड़क निर्माण पर सवाल, किसान नेता ने उखाड़ी पिच


सेवराई। तहसील क्षेत्र के मिश्रवलिया सेवराई माइनर पर निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। किसान नेता भानु प्रताप सिंह ने निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप लगाते हुए कार्यदायी संस्था पर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उन्होंने विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क की पिच उखाड़ दी और जांच की मांग की।

किसान नेता भानु प्रताप सिंह ने बताया कि यह सड़क जमानिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यदायी संस्थाएं अक्सर लीपापोती कर सड़कों का निर्माण करती हैं, जिसका खामियाजा क्षेत्रीय जनता को भुगतना पड़ता है। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

भानु प्रताप सिंह के अनुसार, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा लाखों रुपये की लागत से बन रही इस सड़क में मानकों की अनदेखी की जा रही है। आरोप है कि सड़क निर्माण में एमल्शन और अन्य तकनीकी मानदंडों को दरकिनार कर घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। इससे आशंका है कि सड़क बरसात से पहले ही क्षतिग्रस्त हो सकती है।

किसान नेता ने इस मामले की शिकायत जिलाधिकारी और पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों से की है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की। भानु प्रताप सिंह ने कहा कि यदि समय रहते निर्माण कार्य की जांच नहीं कराई गई, तो सरकारी धन का दुरुपयोग होगा और जनता को खराब सड़क का खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन संतोष कुमार वैष्णवी ने बताया कि-

“उन्हें मामले की जानकारी मिली है। उन्होंने शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। वहीं, जिलाधिकारी ने भी इस मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।”

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें