मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। क्षेत्र के बच्छलपुर गंगा तट पर शुक्रवार को मछली पकड़ने के दौरान डूबे युवक का शव शनिवार सुबह बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान ग्राम पंचायत प्रधान की बरेजी निवासी 35 वर्षीय रामप्रवेश चौधरी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को रामप्रवेश अपने गांव के चार-पांच युवकों के साथ बच्छलपुर गांव के पूर्वी सिरे पर कटान रोकने के लिए बनाए गए ठोकर के पास मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान वह पानी में उतरकर ठोकर के नीचे चले गए और गहरे पानी में फंसने के कारण डूब गए। साथ मौजूद युवकों ने शोर मचाया तो आसपास के मल्लाह मौके पर पहुंचे और काफी देर तक तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
घटना की सूचना पर उपजिलाधिकारी डॉ. हर्षिता तिवारी मौके पर पहुंचीं। देर शाम भुल्लनपुर, वाराणसी से उपनिरीक्षक ऋषभ गौतम के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम पहुंची, लेकिन अंधेरा होने के कारण खोजबीन शुरू नहीं हो सकी।
शनिवार सुबह एसडीआरएफ टीम ने गहमर की ओर तक गंगा में तलाश अभियान चलाया। लौटते समय शिवरायकापुरा गांव के पास रामप्रवेश का शव घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर उतराया हुआ मिला। एसडीआरएफ जवानों ने शव को बोट के जरिए बच्छलपुर तट पर लाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। शव मिलने की सूचना पर परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के परिवार में मां धनवती देवी, पिता अनंत राम, पत्नी नीनी, पुत्र कृष्णा, सुनील व अरविंद तथा भाई लक्ष्मण शामिल हैं।
