नंदगंज (गाज़ीपुर)। सदर विधानसभा क्षेत्र 375 गाज़ीपुर के धरवा चट्टी पर पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) एवं सामाजिक न्याय जन चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में लोगों ने भाग लिया।
चौपाल को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पूंजीवादी, सांप्रदायिक और जातीय भेदभाव की राजनीति के चलते देश आज गंभीर चुनौतियों के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि आम जनता की मूलभूत समस्याएं जैसे रोटी, कपड़ा, मकान, शिक्षा, स्वास्थ्य, महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार का समाधान नहीं हो पा रहा है, जबकि समाज में नफरत की राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है, जो देश की एकता और अखंडता के लिए खतरा है।
वक्ताओं ने कहा कि आज रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर आम लोगों में चिंता और परेशानी का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल दावे कर रही है, जबकि आम जनता को राहत नहीं मिल पा रही है।
पंचायती चुनाव को लेकर चर्चा करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आने वाले समय में प्रधान, बीडीसी और जिला पंचायत सदस्य के चुनाव होने हैं। ऐसे में जनता को ईमानदार और समाज के हित में काम करने वाले प्रतिनिधियों का चयन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता के वोट से ही जनप्रतिनिधि चुने जाते हैं, इसलिए ऐसे लोगों को चुनना जरूरी है जो सड़क से लेकर सदन तक जनता की समस्याओं के लिए आवाज उठा सकें।
सभा को पूर्व मंत्री लालता प्रसाद निषाद, पूर्व डीआईजी बलिकरन सिंह यादव, सपा नेता सुजीत, परशुराम बिंद (पूर्व प्रधान), सूरज राम बागी (प्रदेश सचिव, सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ उत्तर प्रदेश), प्रभुनाथ राम (पूर्व सदस्य जिला पंचायत), केशनाथ पासी,तथा अधिवक्ता जगत मोहन बिंद सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अच्छेवर बिंद और संचालन विजय शंकर यादव ने की। यह कार्यक्रम दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक चला, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
धरवा चट्टी पर पीडीए सामाजिक न्याय जन चौपाल, सैकड़ों लोगों ने लिया हिस्सा महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक भेदभाव के मुद्दों पर वक्ताओं ने जताई चिंता
