धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
अफवाहों से बचने की अपील, जिले में 12,499 सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध
मऊ:
जनपद में गैस सिलेंडर की ब्लैक मार्केटिंग और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि किसी भी स्तर पर गैस सिलेंडर की कालाबाजारी या निर्धारित मूल्य से अधिक पर बिक्री की शिकायत मिलती है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि पश्चिम एशिया में बिगड़ते हालात को लेकर कुछ लोग जिले में गैस सिलेंडर की कमी की अफवाह फैला रहे हैं। इसके साथ ही कुछ लोग सिलेंडर को तय कीमत से अधिक दाम पर बेचने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे प्रशासन ने गंभीरता से लिया है।
डीएम ने जिले की सभी गैस एजेंसियों के मालिकों और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि गैस सिलेंडर का वितरण निर्धारित नियमों और सरकारी दरों के अनुसार ही किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी एजेंसी या व्यक्ति द्वारा जमाखोरी या ब्लैक मार्केटिंग की गई तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले में गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। सिलेंडरों की बुकिंग और वितरण सामान्य रूप से ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से किया जा रहा है।
वहीं जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जनपद में 12,499 गैस सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। जबकि गुरुवार को जिले में कुल 8,272 गैस सिलेंडरों की खपत दर्ज की गई थी। प्रशासन ने कहा है कि आपूर्ति की स्थिति सामान्य है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
