गाजीपुर। मुहम्मदाबाद नगर क्षेत्र में घरेलू गैस सिलिंडर की आपूर्ति व्यवस्था इन दिनों प्रभावित नजर आ रही है। ऑनलाइन बुकिंग और होम डिलीवरी सेवा बंद होने के कारण उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी के गोदामों पर पहुंचकर सिलिंडर लेना पड़ रहा है, जिससे लोगों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और आपूर्ति व्यवस्था में व्यवधान के कारण यह स्थिति बनी है। इसका असर होली के समय से ही दिखने लगा था। होम डिलीवरी बंद होने से उपभोक्ताओं को गोदाम तक पहुंचकर सिलिंडर लेना पड़ रहा है, जिससे काफी समय और परेशानी झेलनी पड़ रही है।
परसा स्थित गैस गोदाम पर सोमवार को बड़ी संख्या में लोग सिलिंडर लेने पहुंचे और लंबी कतारें लग गईं। उपभोक्ता रमेश यादव, सत्येंद्र और हीरालाल कुशवाहा ने बताया कि मोबाइल से ऑनलाइन बुकिंग में दिक्कत आ रही है और डिलीवरी बंद होने से उन्हें खुद गोदाम आना पड़ रहा है।
हालांकि भारत गैस से जुड़े ओम भारत गैस एजेंसी के प्रबंधक संतोष यादव ने स्पष्ट किया कि फिलहाल गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि आपूर्ति पहले की तरह जारी है, लेकिन अफवाहों के कारण उपभोक्ता एक साथ सिलिंडर लेने पहुंच रहे हैं, जिससे गोदाम पर भीड़ की स्थिति बन रही है।
