सादात गाज़ीपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) उपासना रानी वर्मा ने सोमवार को सादात ब्लॉक के चार विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं पाए जाने पर तीन प्राथमिक विद्यालयों के हेडमास्टरों का वेतन रोक दिया गया है और उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। इस कार्रवाई से अन्य विद्यालयों में हड़कंप मच गया।
बीएसए ने प्राथमिक विद्यालय आसपुर, प्राथमिक विद्यालय आतमपुर छपरा, प्राथमिक विद्यालय परसनी और मुबारकपुर हरतरा स्थित कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया।
निरीक्षण में पाया गया कि कई शिक्षकों द्वारा शिक्षक संदर्शिका का उपयोग नहीं किया जा रहा था। उनकी शिक्षक डायरी भी अधूरी मिली। इसके अतिरिक्त, कुछ छात्र बिना यूनिफॉर्म के पाए गए, जिस पर प्रधानाध्यापक संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
सभी विद्यालयों में साफ-सफाई की स्थिति भी असंतोषजनक पाई गई। विद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्यों के सामानों के रखरखाव और स्टॉक पंजिका को मौके पर प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए, बीएसए ने तीनों प्राथमिक विद्यालयों के हेडमास्टरों का वेतन रोकने का आदेश दिया और उनसे स्पष्टीकरण तलब किया है। बीएसए की इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप की स्थिति है।
