

कुशीनगर। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में भैंस चोरी की घटना के मामले में स्थानीय पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने से परेशान पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक कुशीनगर को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि घटना के एक पखवारा बीत जाने के बाद भी नेबुआ नौरंगिया पुलिस ने अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
बताया जाता है कि बीते 23 फरवरी की रात थाना क्षेत्र के पिपरा जवाहिर निवासी शकूर तथा बरवा पट्टी निवासी योगेंद्र कुशवाहा की भैंस अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई थी। घटना के बाद पीड़ितों ने स्थानीय थाने में इसकी सूचना दी, लेकिन अब तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया और न ही चोरी की घटना के खुलासे के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई की गई।
पीड़ितों का यह भी आरोप है कि चोरी की घटना में प्रयुक्त एक संदिग्ध पिकअप वाहन को नेबुआ नौरंगिया पुलिस ने पकड़कर थाने लाया था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उसे छोड़ दिया गया। इससे पीड़ितों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर आक्रोश व्याप्त है।
पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक कुशीनगर को दिए गए प्रार्थना पत्र में मामले की निष्पक्ष जांच कर मुकदमा दर्ज करने तथा चोरी में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस मामले को लेकर क्षेत्र में भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
