नंदगंज (गाज़ीपुर)। सदर विधानसभा क्षेत्र 375 गाज़ीपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत गोला चट्टी पर पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) एवं सामाजिक न्याय जन चौपाल का आयोजन रविवार को तीन बजे से पांच बजे तक किया गया। यह चौपाल देवकली क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य के भावी प्रत्याशी एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य सूरज राम बागी के समर्थन में संपन्न हुआ।
चौपाल को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने एक स्वर में डॉ भीम राव अम्बेडकर द्वारा रचित संविधान को देश का आन, बान और शान बताया। उन्होंने कहा कि कुछ सांप्रदायिक ताकतें संविधान से छेड़छाड़ करना चाहती हैं, लेकिन आम जनता को इसके प्रति सजग रहना होगा और किसी भी स्थिति में संविधान के साथ खिलवाड़ नहीं होने देना चाहिए।
वक्ताओं ने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी समाज में मानव द्वारा मानव का शोषण और भेदभाव जारी है, जो लोकतंत्र और समाज के लिए घातक है। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, भेदभाव, पूंजीवाद, फिरकापरस्ती और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों से मुक्ति की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में आगामी पंचायत चुनाव में सच्चे देशभक्त और समाजसेवी लोगों को चुनने की अपील की गई। चौपाल की अध्यक्षता राजेंद्र यादव ने की। इस अवसर पर पूर्व डीआईजी बालिकरन सिंह यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सूरज राम बागी, मनई राम बिंद, सदानंद कनौजिया सहित अन्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए।
