सर्वे जहाज को रास्ता देने के लिए खुला बच्छलपुर–रामपुर पीपा पुल, डेढ़ घंटे ठप रहा आवागमन


गाजीपुर। मुहम्मदाबाद क्षेत्र स्थित बच्छलपुर–रामपुर पीपा पुल को गुरुवार दोपहर एक सर्वे जहाज को पार कराने के लिए अस्थायी रूप से खोल दिया गया। पुल खोले जाने से करीब डेढ़ घंटे तक आवागमन बाधित रहा, जिसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, केंद्रीय जलमार्ग परिवहन विभाग द्वारा गंगा नदी में क्रूज और मालवाहक जहाजों के संचालन की तैयारी के तहत नियमित रूप से जलस्तर का सर्वे कराया जाता है। पटना से वाराणसी के बीच संचालित सर्वे जहाज जलस्तर का मापन करती हैं। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर जरूरत पड़ने पर ड्रेजिंग मशीनों से बालू की खुदाई की जाती है, ताकि बड़े जहाजों के आवागमन में कोई बाधा न हो।

गुरुवार को बक्सर से वाराणसी की ओर जा रहे एक सर्वे जहाज को मार्ग देने के लिए लोक निर्माण विभाग के कर्मियों ने पीपा पुल के बीच का एक हिस्सा अस्थायी रूप से हटा दिया। जहाज के गुजर जाने के बाद पुल को पुनः जोड़कर यातायात बहाल किया गया।

हालांकि पुल खोले जाने की पूर्व सूचना नहीं दी गई थी, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर मौजूद यात्रियों रमेश पांडेय, पंकज यादव और नागेंद्र यादव ने बताया कि उन्हें रेवतीपुर की ओर जाना था, लेकिन बिना सूचना पुल बंद होने से उन्हें एक घंटे से अधिक समय तक इंतजार करना पड़ा।

लोक निर्माण विभाग के मेट अशोक राय ने बताया कि उच्चाधिकारियों से जहाज को सुरक्षित पार कराने का निर्देश मिलने के बाद पुल को खोला गया। बाद में पुल को जोड़कर यातायात सामान्य कर दिया गया।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें