कुशीनगर । पुलिस ने 14 फरवरी को नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में ज्वेलर्स से हुई 10 लाख रुपये की लूट का पांच दिन में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, अवैध हथियार तथा वारदात में इस्तेमाल किया गया वाहन बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, 14 फरवरी की शाम सेमरा निवासी भीम वर्मा अपनी दुकान ‘अनीश ज्वेलर्स’ (देवतहा बाजार) बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने कार से उनकी बाइक में टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया और हथियारों के बल पर आभूषणों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी कुशीनगर के निर्देश पर मुकदमा दर्ज किया गया और छह विशेष टीमें गठित की गईं। अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी खड्डा के नेतृत्व में स्वाट, नेबुआ नौरंगिया, खड्डा, जटहा बाजार थाना, डायल 112 और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 19 फरवरी को चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।आरोपियों के पास से 40.92 ग्राम सोने के आभूषण, 1.39 किलोग्राम चांदी के आभूषण, 5,000 रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल, एक अवैध पिस्टल (.32 बोर) व पांच जिंदा कारतूस, दो अवैध तमंचा (.315 बोर) व पांच जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन व आठ सिम कार्ड, तथा घटना में प्रयुक्त स्लेटी रंग की सेंट्रो कार (BR01AW5532) बरामद की गई है।पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में काम करते हैं और पिछले छह महीनों से एक बड़ी वारदात की योजना बना रहे थे। गिरोह के सदस्य गोकुल कुशवाहा ने ज्वेलर्स की दुकान, उनकी दिनचर्या और आने-जाने के रास्ते की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई थी। कई दिनों तक रेकी करने के बाद सुनसान जगह चिन्हित कर 14 फरवरी की शाम सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में से सत्येंद्र कुमार पर देवरिया जनपद में हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, गोकुल पर अपहरण का मुकदमा दर्ज है। इस सफल खुलासे पर एसपी कुशीनगर ने पुलिस टीम को 50,000 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


