मऊ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 75 लाख की चरस के साथ अन्तरजनपदीय शातिर अपराधी गिरफ्तार


धर्मेन्द्र भारद्वाज। मऊ

मऊ। जनपद पुलिस को नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 1 किलो 530 ग्राम अवैध चरस के साथ एक अन्तरजनपदीय शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की कीमत करीब 75 लाख रुपये आंकी गई है। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त एक स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की गई है।

18 फरवरी 2026 को दक्षिण टोला थाना पुलिस एसओजी और स्वाट टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बदुआ गोदाम की तरफ से एक व्यक्ति स्विफ्ट डिजायर कार से अवैध चरस लेकर मतलूपुर होते हुए सठियांव के एक्सप्रेस-वे के रास्ते हरियाणा जाने वाला है। सूचना पर विश्वास करते हुए पुलिस टीम ने मतलूपुर फ्लाईओवर पर घेराबंदी कर दो टीमों में चेकिंग शुरू कर दी।

कुछ ही देर में सफेद स्विफ्ट डिजायर कार आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने कार मोड़कर भागने की कोशिश की। पीछे से तैनात दूसरी टीम ने तत्काल घेरकर वाहन को रोक लिया।

पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम जितेन्द्र कुमार राय, निवासी आवास विकास कॉलोनी हरपुर, थाना कोतवाली नगर, जनपद बलिया बताया। तलाशी के दौरान कार की डिग्गी से 1 किलो 530 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हर बार रास्ता बदलकर चरस हरियाणा ले जाता था और वहां ऊंचे दामों में बेच देता था। इस बार भी वह बलिया से हरियाणा के लिए निकला था और आजमगढ़ के सठियांव एक्सप्रेस-वे से आगे बढ़ने की योजना थी।

गिरफ्तारी रात 10 बजकर 35 मिनट पर की गई। बरामदगी के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।

 

 

 

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें