मऊ में टैम्पो ट्रेवलर चालक का आरोप: अवैध वसूली न देने पर टीआई ने की पिटाई, झूठे मुकदमे में चालान का दावा


धर्मेंद्र भारद्वाज। मऊ

मऊ। शहर में एक टैम्पो ट्रेवलर चालक ने पुलिस के एक टीआई और दो सिपाहियों पर मारपीट, अवैध वसूली और झूठा मुकदमा दर्ज कराने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर चालक ने प्रशासन को प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

प्रार्थी के अनुसार, वह टैम्पो ट्रेवलर वैन चलाता है। उसका आरोप है कि एक दिन पूर्व अवैध धनराशि न देने के कारण संबंधित टीआई उससे नाराज थे। चालक का कहना है कि 11 फरवरी 2026 को विन्ध्यांचल से लौटते समय पुरानी तहसील स्थित संगीत पैलेस के पास उसकी गाड़ी रोक ली गई। आरोप है कि टीआई ने गाली-गलौज करते हुए उसे वाहन से नीचे उतारा और मारपीट की।

चालक के मुताबिक उस समय वाहन में 14 यात्री सवार थे, जो घटना के प्रत्यक्षदर्शी हैं। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए थे। आरोप है कि इसके बाद टीआई उसे अपनी गाड़ी में बैठाकर गाजीपुर तिराहे ले गए, जहां दोबारा मारपीट की गई। बाद में कोतवाली ले जाकर बैठाया गया और अपशब्द कहे गए।

प्रार्थी का दावा है कि उसके खिलाफ झूठे तथ्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया। 12 फरवरी 2026 को सीटी मजिस्ट्रेट न्यायालय से उसे जमानत मिली। जमानत पर रिहा होने के बाद उसने उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर पूरे प्रकरण की जांच कराने और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

चालक ने यह भी आरोप लगाया है कि अवैध वसूली में सहयोग न करने के कारण उसके साथ यह कार्रवाई की गई, जो शासन की मंशा के विपरीत है। साथ ही संबंधित पुलिसकर्मियों की आय से अधिक संपत्ति की जांच कराने की भी मांग की गई है।

इस मामले में संबंधित टीआई श्यामशंकर पांडेय तथा सिपाही संजय (वाहन चालक) और सौरभ का नाम प्रार्थना पत्र में उल्लेखित है।

फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।

 

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें