गाजीपुर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के फाक्सगंज मोहल्ले में शुक्रवार की रात शादी समारोह के दौरान अपराधियों ने जमकर तांडव मचाया। बदमाशों ने चोरी की नीयत से घर और दुकान का शटर तोड़ने का प्रयास किया और विरोध करने पर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
फाक्सगंज निवासी लालचन्द राम की भतीजी की शादी 6 फरवरी को थी। रात करीब 11:15 बजे जब उनका भतीजा कपि कुमार मैरिज हॉल से घर लौटा, तो उसने देखा कि कुछ लोग घर का दरवाजा और दुकान का शटर तोड़ रहे हैं। विरोध करने पर बदमाशों ने कपि कुमार का मोबाइल छीन लिया और तमंचा दिखाकर उसे बुरी तरह पीटा। बीच-बचाव करने आए पड़ोसी आकाश कुमार बिंद को भी हमलावरों ने लहूलुहान कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।
नामजद आरोपियों के खिलाफ शिकायत
पीड़ित ने मोहल्ले के ही पांच युवकों संतकुमार, अमरजीत कुमार, रंजीत, अरविंद और कन्हैया के खिलाफ तहरीर दी है। आरोप है कि ये सभी अपराधी प्रवृत्ति के हैं और इलाके में शांति व्यवस्था भंग कर रहे हैं।
पुलिस की कार्रवाई, चीता दस्ता रवाना
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। गोराबाजार चौकी प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की गई है।
उन्होंने कहा कि “मौके पर चीता दस्ता भेजकर जांच शुरू कर दी गई है। सभी नामजद विपक्षियों को पूछताछ के लिए बुलवाया गया है। मामले में उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।”
