संवाददाता: चंदन जायसवाल
शाहगंज,जौनपुर: समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय नई सुबह मेंटल हेल्थ केयर शाहगंज, जौनपुर के सौजन्य से मंगलवार, 3 फरवरी 2026 को ग्राम सभा महमदपुर, जनपद सुल्तानपुर में गरीब एवं असहाय लोगों को 300 कंबल एवं अन्य उपयोगी सामग्री का वितरण किया गया।
इस सेवा कार्य का नेतृत्व संस्था के संस्थापक एवं वरिष्ठ मनोचिकित्सक डॉ. अजय तिवारी ने किया। कड़ाके की ठंड को देखते हुए आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ज़रूरतमंद ग्रामीणों को कंबल वितरित किए गए, जिससे उन्हें ठंड से राहत मिल सके।
डॉ. अजय तिवारी ने बताया कि नई सुबह मेंटल हेल्थ केयर द्वारा यह सेवा कार्य लगातार वाराणसी, जौनपुर, चंदौली एवं सुल्तानपुर जनपदों में किया जाता रहा है। उनका उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए ज़रूरतमंदों की मदद करना है।
उन्होंने कहा कि
“सेवा ही सच्चा धर्म है। जब तक समाज में कोई भी व्यक्ति अभाव में है, तब तक हम अपने प्रयास जारी रखेंगे।”
उल्लेखनीय है कि नई सुबह संस्था वाराणसी एवं डॉ. अजय तिवारी को उनके उत्कृष्ट सामाजिक एवं स्वास्थ्य सेवा कार्यों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा लगातार दो बार राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है, जो संस्था की प्रतिबद्धता और कार्यों की गुणवत्ता को दर्शाता है।
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से
श्रीमती सुनीता तिवारी, देवनारायण तिवारी, शिवकुमार पांडे, सुनील मिश्रा सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त रहा। सभी सहयोगियों ने वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में अहम भूमिका निभाई।
कंबल पाकर लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी और उन्होंने संस्था एवं डॉ. अजय तिवारी के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्य ठंड के मौसम में गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होते हैं।
कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से यह संकल्प दोहराया गया कि भविष्य में भी इसी प्रकार स्वास्थ्य एवं सेवा से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
