जिला जेल के गेट से पुलिस कस्टडी से फरार हुआ शातिर अपराधी, चोरी और आर्म्स एक्ट में हुई थी गिरफ्तारी


“मरदह पुलिस की अभिरक्षा से भागा आरोपी लाल बाबू मौर्य, लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की तैयारी”


रिपोर्ट : सूर्यकांत त्रिपाठी 

जिले में पुलिस सुरक्षा में बड़ी सेंध का मामला सामने आया है। मरदह थाने की पुलिस अभिरक्षा से एक शातिर अपराधी जिला कारागार के गेट से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी चोरी की संपत्ति रखने और अवैध असलहा बरामदगी के मामले में जेल भेजा जा रहा था। इस घटना के बाद महकमे में हड़कंप मच गया है।

मरदह पुलिस ने 9 जनवरी 2026 को थाना क्षेत्र से दो आरोपियों—लाल बाबू मौर्य और पुनीत राय—को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने इनके खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 3/26 दर्ज किया था, जिसमें बीएनएस की धारा 317(2) और 3/25 लगाई गई थी।

जेल गेट पर पुलिस को दिया चकमा

इन आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के लिए उपनिरीक्षक संतराम यादव, आरक्षी राजेश भारती और आरक्षी चंद्रशेखर यादव की टीम गई थी। न्यायालय से रिमांड मंजूर होने के बाद पुलिस टीम दोनों को दाखिल करने के लिए जिला जेल ले गई। जैसे ही टीम जेल गेट पर पहुंची, मौका पाकर आरोपी लाल बाबू मौर्य पुलिसकर्मियों को चकमा देकर वहां से भाग निकला।

लापरवाह पुलिसकर्मियों पर गिरेगी गाज

इस गंभीर लापरवाही पर पुलिस विभाग सख्त हो गया है। फरार आरोपी लाल बाबू मौर्य के खिलाफ पुलिस अभिरक्षा से भागने का नया मुकदमा दर्ज किया जा रहा है तथा ड्यूटी में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में साथ गए दरोगा और सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।

फिलहाल पुलिस की कई टीमें फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही हैं।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें