गाजीपुर। दीपावली की पूर्व संध्या पर, आज शाम को कलेक्टर घाट पर आयोजित ‘दीपोत्सव’ कार्यक्रम, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम बन गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आह्वान पर शहर के हज़ारों परिवार अपने साथ दीपक, तेल और बाती लेकर माँ गंगा के पवित्र तट पर पहुँचे और सामूहिक रूप से दीये जलाकर पवित्र घाट को स्वर्णिम आभा से भर दिया दीपोत्सव का मुख्य आकर्षण कार्यक्रम के अंत में हुई भव्य गंगा महाआरती रही दीयों की रोशनी से सराबोर घाट पर जब पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ महाआरती का शुभारंभ हुआ, तो पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
“दीपावली की पूर्व संध्या पर हज़ारों दीपों से जगमग हुआ गंगा तट, शंखनाद और मंत्रों से गूंजा पूरा वातावरण”
विद्वान पुरोहितों और स्वयंसेवकों द्वारा किए गए शंखनाद और वेद मंत्रों के सस्वर पाठ ने घाट की दिव्यता को कई गुना बढ़ा दिया हज़ारों दीपों की कतार के बीच, आरती के बड़े-बड़े दीपकों की लौ आसमान को छूती दिखी।
इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों ने कहा, “यह दीपोत्सव हमें प्रकाश के महत्व और पर्यावरण के प्रति अपने दायित्व को याद दिलाता है। माँ गंगा की आरती में सामूहिक भागीदारी हमारी संस्कृति और एकता की शक्ति को दर्शाती है।”
