करीमुद्दीनपुर, गाजीपुर: बाराचवर ब्लॉक के ग्राम सभा करीमुद्दीनपुर में विकास कार्यों के तमाम दावों के बावजूद, जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। करीमुद्दीनपुर ग्राम सभा की गली में जल-जमाव और गंदगी ने विकराल रूप ले लिया है, जिससे स्थानीय निवासियों का जीवन दूभर हो गया है, गली के किनारे बनी नाली पूरी तरह से जाम हो चुकी है जिसके कारण गंदा पानी सड़क पर और आसपास जमा हो रहा है। जल-जमाव की वजह से यह क्षेत्र दलदल में तब्दील हो गया है, जहां से लोगों का गुजरना भी मुश्किल हो रहा है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह जल-जमाव और गंदगी स्वास्थ्य के लिए एक बड़ा खतरा बन गई है। गंदे और रुके हुए पानी में मच्छर पनप रहे हैं, जिससे मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।आसपास के घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए।
ग्रामीणों के अनुसार, वर्तमान ग्राम प्रधान फरीदा परवीन और उनके प्रतिनिधि फैयाज अंसारी को इस समस्या के बारे में कई बार अवगत कराया गया है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करने और नाली की सफाई तथा मरम्मत कराने की मांग की है ताकि उन्हें इस नारकीय स्थिति से मुक्ति मिल सके।
