गाजीपुर। सेवराई तहसील क्षेत्र के स्थानीय गांव के सतराम गंज बाजार के काली मां मंदिर वार्षिक पूजनोत्सव विधि विधान से संपन्न हुआ। परंपरागत तरीके से हुई इस पूजा में कस्बे के सभी वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी निभाई। अहले सुबह से ही मंदिर को धोकर साफ किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरु हुआ। जो दोपहर तक जारी रहा। मां काली की वार्षिक पूजा में महिलाओं ने अपने-अपने घरों में पकवान बना उसका प्रसाद चढ़ाया। पुजारी वीरेंद्र गुप्ता के द्वारा वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ मां काली की पूजा को परंपरागत ढंग से संपन्न किया गया।
इस मौके पर मां काली का विशेष पूजन तथा हवन किया गया। वार्षिक पूजा को लेकर एक दिन पहले से रेलवे फाटक के पास स्थित मां काली मंदिर के प्रांगण में उत्सव का माहौल था। सुबह होते ही महिलाएं एवं पुरुष श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे। मंदिर को भव्य ढंग से सजाया गया था। पूजा के दौरान पुजारी द्वारा मां काली का साया प्रकट होते ही श्रद्धालुओं द्वारा जयकारे लगने शुरू हो गए। पूरा माहौल मां काली के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। ज्ञात हो कि प्रत्येक वर्ष श्रावण मास के पूर्णिमा को मां काली की वार्षिक पूजा होती है। इस दौरान स्थानीय कस्बे के सभी भक्त श्रद्धालुओं सहित अन्य लोगों ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी माता की वार्षिक पूजा धूमधाम से की गई। पूजा में महिलाओं की संख्या अधिक थी। पूजा को लेकर बड़ी संख्या में बाहर के रहने वाले लोग भी आते हैं। इस दौरान माता काली से जन कल्याण की कामना की गई।
