बहादुरगंज, गाजीपुर। निर्वाचन आयोग के निर्देश के क्रम में अर्हता तिथि 01-01-2027 के आधार पर जहूराबाद विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के अंतर्गत आज दिनांक 28 नवंबर 2026 को जहूराबाद विधानसभा के समस्त मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस का आयोजन किया गया।
यह अभियान उपजिलाधिकारी कासिमाबाद के दिशा-निर्देश पर आयोजित हुआ। इस दौरान जहूराबाद के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) उपस्थित रहे। उन्होंने मतदाताओं को निर्वाचक नामावली में नाम सम्मिलित कराने, अपात्र नामों को विलोपित कराने तथा नाम एवं अन्य प्रविष्टियों में संशोधन कराने के लिए निर्धारित प्रपत्रों फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
अभियान के दौरान पात्र नागरिकों को आवश्यकतानुसार प्रपत्र वितरित किए गए तथा भरे हुए प्रपत्र प्राप्त किए गए। नागरिकों ने 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली में अपने नाम एवं अन्य विवरणों का भी सत्यापन किया। कई मतदाताओं ने मौके पर ही अपने नाम में हुई त्रुटियों को ठीक कराने के लिए आवेदन किया, तो कई नए मतदाताओं ने नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म भरा।
जिलाधिकारी गाजीपुर अनुपम शुक्ला के निर्देशन में ईआरओ / उपजिलाधिकारी कासिमाबाद संजय कुमार कुशवाहा द्वारा विभिन्न बूथों पर जाकर विशेष अभियान दिवस के अंतर्गत मतदाता पंजीकरण कार्यों, आलेख्य मतदाता सूची की उपलब्धता आदि का निरीक्षण किया गया। उन्होंने BLO को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और सभी आवेदनों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से किया जाए।
उपजिलाधिकारी ने जहूराबाद विधानसभा क्षेत्र के निवासियों से अपील की है कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो वह फॉर्म-6 भरकर नाम शामिल कराने हेतु आवेदन कर सकता है। मतदाता सूची में पहले से दर्ज नाम, पते अथवा अन्य विवरण में संशोधन करने तथा निवास परिवर्तन की स्थिति में फॉर्म-8 के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है। नियमानुसार किसी अपात्र अथवा मृतक मतदाता का नाम सूची से हटाने हेतु फॉर्म-7 के माध्यम से आपत्ति प्रस्तुत की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। इसलिए सभी नागरिक 17 नवंबर को प्रकाशित आलेख्य सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें और त्रुटि होने पर समय रहते आवेदन करें।
