गाजीपुर। ग्राम पंचायत ब्वाड़े में 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर फेलो तारिक नसीम एवं सौहार्द मंच के तत्वावधान में सामुदायिक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, पुरुषों और युवाओं सहित लगभग 50 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गोष्ठी के माध्यम से ग्रामीणों को भारतीय संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फेलो तारिक नसीम ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को पूरे देश में संविधान दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य नागरिकों को संविधान के प्रति जागरूक करना तथा उसमें निहित मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के साथ जीवन जीने का अधिकार प्रदान करता है। संविधान के इन मूल्यों को समझना और अपने व्यवहार में अपनाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
इसी क्रम में मेंटर साकिब ने कहा कि भारतीय संविधान सभी नागरिकों को समानता का अधिकार देता है। समाज के वंचित, हाशिए पर रहने वाले और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को आगे बढ़ाने के लिए आरक्षण जैसी व्यवस्थाएं भी की गई हैं। इनका उद्देश्य सभी वर्गों को समान अवसर प्रदान करना और सामाजिक न्याय सुनिश्चित करना है।
गोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे ग्राम प्रधान सुनील राम ने कहा कि तारिक नसीम की टीम समुदाय के बीच लोगों को जागरूक करने का सराहनीय कार्य कर रही है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को संविधान और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आपसी भाईचारे, समानता और सौहार्द की भावना से ही एक बेहतर समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और संविधान में निहित मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इसके बाद सभी प्रतिभागियों को जलपान कराया गया।
