बभनौली ग्राम पंचायत में सातवीं बार चोरी, कंप्यूटर-प्रिंटर समेत लाखों का सामान गायब,पुलिस द्वारा एक बार भी मुकदमा दर्ज नहीं करने का आरोप

दो साल में पांच लाख से अधिक का नुकसान, गांव में दहशत, प्रधान का आरोप – तहरीर के बाद भी नहीं दर्ज हुआ मुकदमा
*कुशीनगर।* नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बभनौली में चोरों ने एक बार फिर सरकारी भवन को निशाना बनाया है। 24 नवंबर की रात अज्ञात चोरों ने पंचायत भवन का ताला तोड़कर कमरे में रखा कंप्यूटर, इन्वर्टर, प्रिंटर, बैटरी और लेमिनेशन मशीन सहित अन्य आवश्यक सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी 25 नवंबर की सुबह हुई, जब लोग पंचायत भवन पहुंचे तो ताला टूटा मिला।
ग्रामीणों के अनुसार यह कोई पहली घटना नहीं है। विगत दो वर्षों के भीतर ग्राम सभा के विभिन्न सरकारी भवनों में चोरी की यह सातवीं घटना है। इससे पहले प्राथमिक विद्यालय बभनौली में तीन बार चोरी हो चुकी है। वहां से मध्याह्न भोजन के बर्तन, पानी की मोटर, सोलर उपकरण, खेलकूद की सामग्री और गैस सिलेंडर चोरी हुए हैं।
इसी तरह सामुदायिक शौचालय से दो बार पानी की मोटर और नल की टोटियां चोरी की जा चुकी हैं। आरओ प्लांट से भी टोटियों सहित अन्य आवश्यक सामग्री गायब हो चुकी है। इन सभी घटनाओं में अब तक लगभग पांच लाख रुपये से अधिक लागत का सामान चोरी हो चुका है।
बार-बार हो रही चोरी से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि रात होते ही पंचायत भवन सहित अन्य सरकारी भवनों के प्रांगण में शरारती तत्वों का जमावड़ा लग जाता है और विरोध करने पर धमकियां दी जाती हैं।
इस संबंध में ग्राम प्रधान चतुरी चौहान ने बताया कि मेरे ग्राम सभा में स्कूल, शौचालय सहित पंचायत भवन में सात बार चोरी हो चुकी है, लेकिन पुलिस ने एक भी बार मुकदमा पंजीकृत नहीं किया है। आज भी मैं थाने पर चोरी संबंधित तहरीर देकर आया, लेकिन मुझे हिला-हवाली देकर घर भेज दिया गया, चोरी का मुकदमा पंजीकृत नहीं किया गया।
वहीं थाने के एसएसआई दिनेश शाहनी ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच कर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
