भांवरकोल (गाजीपुर)। भांवरकोल क्षेत्र के गांवों और सिवानों में इन दिनों धान की कटाई ने जोर पकड़ लिया है। किसान सुबह से देर शाम तक खेतों में जुटकर महीनों की मेहनत से तैयार फसल को घर पहुंचाने में लगे हैं। खेतों में कहीं कंबाइन हार्वेस्टर तो कहीं मजदूरों के सहारे कटाई का काम तेजी से चल रहा है।
शेरपुर, कनुवान, अवथही, बसनियां, बाठा, पखनपुरा और फखनपुरा समेत क्षेत्र के दर्जनों गांवों में धान की कटाई युद्धस्तर पर जारी है। बड़े किसान समय बचाने के लिए कंबाइन हार्वेस्टर का सहारा ले रहे हैं, जबकि छोटे और मझोले किसान मजदूरों से फसल कटवा रहे हैं। खेतों में मशीनों की गड़गड़ाहट और किसानों की व्यस्तता से ग्रामीण अंचल में चहल-पहल बढ़ गई है।
करीब 20 दिन पहले आए अर्नब तूफान के दौरान तेज हवाओं और बारिश ने क्षेत्र के कई किसानों की धान की फसल को प्रभावित किया था। तेज हवा के चलते कई खेतों में फसल गिर गई थी, जबकि बारिश से धान की बालियों को भी नुकसान पहुंचा था। ऐसे में किसानों को पैदावार प्रभावित होने की चिंता सताने लगी थी। अब किसान बची हुई फसल की कटाई कर अपनी मेहनत की उपज सुरक्षित घर पहुंचाने में जुटे हैं।
धान की कटाई के साथ ही किसानों की निगाहें सरकारी क्रय केंद्रों की व्यवस्था और समर्थन मूल्य पर टिकी हैं। किसानों का कहना है कि क्रय केंद्रों पर समय से खरीद और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए, ताकि उन्हें अपनी उपज बिचौलियों के हाथों कम कीमत पर बेचने के लिए मजबूर न होना पड़े।
धान की कटाई के साथ किसान अगली फसल की तैयारी में भी जुट गए हैं। जिन खेतों से धान की कटाई पूरी हो चुकी है, वहां ट्रैक्टरों से जुताई कर गेहूं, सरसों और चने की बुवाई के लिए खेत तैयार किए जा रहे हैं। किसानों की कोशिश है कि धान की कटाई पूरी होते ही रबी की बुवाई समय से कर ली जाए।
