- संपूर्ण समाधान दिवस में 65 शिकायतें आईं, मौके पर 3 का निस्तारण
- एसडीएम अशोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में सुनी गईं फरियादियों की समस्याएं
- संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश
घोसी (मऊ)। तहसील घोसी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 65 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें राजस्व विभाग के 38, पुलिस विभाग के 22, विकास विभाग के 04 तथा वन विभाग से संबंधित 01 शिकायत शामिल रही। प्राप्त शिकायतों में से 03 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी घोसी अशोक कुमार सिंह ने की। उन्होंने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर मौके पर जाकर जांच करते हुए समस्या का समाधान कराया जाए।
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को सुनते हुए कहा कि फरियादियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। भूमि विवाद एवं आपसी विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर निष्पक्ष कार्रवाई करे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
वहीं तहसीलदार अनीश सिंह ने राजस्व से संबंधित शिकायतों को सुनते हुए कहा कि राजस्व मामलों में स्थलीय जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राजस्व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वरासत, भूमि विवाद, पैमाइश एवं अन्य राजस्व संबंधी मामलों में अनावश्यक देरी न करें और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
इस दौरान सभी विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं फरियादी मौजूद रहे।
Edited by Umashankar
