सादात, गाजीपुर। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकादशी के अवसर पर श्री खाटू श्याम जी के जन्मोत्सव की पावन बेला पर शुक्रवार की देर शाम नगर में भक्तों द्वारा एक भव्य और आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। शाम करीब छह बजे ठाकुरद्वारा मंदिर के पास से प्रारंभ हुई
इस यात्रा में श्रद्धालुओं का भारी उत्साह और जनसैलाब देखने को मिला।
शोभायात्रा के दौरान डीजे पर बज रहे मधुर भक्ति गीतों और भजनों की धुनों पर श्रद्धालु जमकर झूमते नजर आए, जिससे पूरे नगर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में पुरुषों और महिलाओं के साथ-साथ बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान भक्तों द्वारा लगाए जा रहे “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” के गगनभेदी जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
स्थानीय बाजार के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकली इस शोभायात्रा का नगरवासियों और श्रद्धालुओं ने जगह-जगह भव्य स्वागत और आरती पूजन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्तों में खासा उमंग, आस्था और उल्लास का माहौल बना रहा।
