गहमर/गाजीपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम बसुका निवासी एवं सोनभद्र जनपद के शक्तिनगर थाने में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात सदाशिव राय का मंगलवार, 17 नवंबर 2026 की सुबह हृदयाघात से आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पैतृक गांव बसुका सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। एक कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी के असमय चले जाने से परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में गहरा दुख व्याप्त है।
सदाशिव राय के भतीजे सत्यम राय ने बताया कि स्वर्गीय प्यारेकिशुन राय के पुत्र सदाशिव राय मंगलवार की सुबह लगभग 10 से 11 बजे के बीच अचानक सीने और कंधे में तेज दर्द होने के बाद अचेत हो गए। उनकी बिगड़ती हालत को देखते हुए साथी पुलिसकर्मियों एवं परिजनों ने तत्काल उन्हें एनटीपीसी शक्तिनगर स्थित संजीवनी हॉस्पिटल पहुंचाया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस अप्रत्याशित घटना ने परिवार को संभलने तक का मौका नहीं दिया।
सदाशिव राय अपने पीछे पत्नी इंदु राय और पांच संतानों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी बड़ी पुत्री दीप शिखा राय (32 वर्ष) विवाहित हैं। इसके अलावा पुत्र शिवम राय (29 वर्ष), पुत्री नेहा राय (26 वर्ष), भूमि राय (21 वर्ष) तथा सबसे छोटे पुत्र किशन राय (19 वर्ष) हैं। परिवार के मुखिया के अचानक दुनिया से विदा हो जाने से पत्नी और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में कल तक खुशियां और उम्मीदें थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
सदाशिव राय के निधन की खबर से उनके पैतृक गांव बसुका में शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है। ग्रामीणों, रिश्तेदारों और परिचितों ने उनके निधन को परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। एक पुलिसकर्मी के रूप में सेवा दे रहे सदाशिव राय का इस तरह असमय चले जाना सभी को मर्माहत कर गया है।
