भांवरकोल/गाजीपुर। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व सूर्य षष्ठी के अवसर पर शेरपुर कलां स्थित गंगा घाट पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। रविवार की शाम व्रती महिलाओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर पहुंचकर विधि-विधान से अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान पूरा घाट छठी मइया के जयकारों और भक्तिमय गीतों से गुंजायमान रहा।
घाट पर सुबह से ही पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। शाम होते-होते श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। पारंपरिक वेशभूषा में सजी-धजी व्रती महिलाओं ने बांस के सूप और दउरा में पूजन सामग्री, फल एवं प्रसाद सजाकर गंगा की पवित्र धारा में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और लोकमंगल की कामना की।
इस दौरान डीजे की भक्तिमय धुन और महिलाओं की सुरीली आवाज में गूंजते पारंपरिक छठ गीतों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। घाट पर मौजूद श्रद्धालु भक्ति और उल्लास में सराबोर नजर आए। ग्रामीणों में पर्व को लेकर विशेष उत्साह रहा और देर शाम तक घाट पर श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही।
पर्व को व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के लिए ग्राम पंचायत की ओर से विशेष रूप से प्रकाश व्यवस्था और डीजे की व्यवस्था की गई थी। वहीं, सुरक्षा के दृष्टिगत थाना भांवरकोल एवं पुलिस चौकी की पुलिस टीम पर्याप्त पुलिस बल के साथ घाट पर मुस्तैद रही। पुलिसकर्मी लगातार भीड़ और घाट की स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों को गहरे पानी में न जाने की अपील की जाती रही, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
आस्था, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता के बीच शेरपुर कलां का गंगा घाट छठी मइया की भक्ति में सराबोर नजर आया। लोक परंपरा और सामाजिक एकजुटता का यह पर्व ग्रामीण क्षेत्र में उत्साह, उल्लास और श्रद्धा का अनूठा संदेश दे गया।
