डाला छठ को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने नरवा घाट का किया निरीक्षण


सेवराई (गाजीपुर)। आगामी डाला छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से गहमर स्थित नरवा घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाट पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, यातायात एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पर्व पर घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। नदी के गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां मजबूत बैरिकेडिंग कराने और खतरे से संबंधित चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालु अनजाने में गहरे पानी में न पहुंचें और किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

अधिकारियों ने आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए घाट पर प्रशिक्षित गोताखोरों, नावों एवं जल पुलिस की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही घाट और वहां तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, हाईमास्ट लाइट एवं जनरेटर की उपलब्धता तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

महापर्व के दौरान महिलाओं और बच्चों की बड़ी संख्या में उपस्थिति को देखते हुए महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों एवं एंटी रोमियो स्क्वाड की तैनाती करने को कहा गया। वहीं घाट पर लगे सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने और महिलाओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने घाट की ओर आने वाले मार्गों पर वाहनों का आवागमन सुचारू बनाए रखने, निर्धारित पार्किंग स्थल बनाने तथा जाम की स्थिति उत्पन्न न होने देने के निर्देश दिए। डीएम एवं एसपी ने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के दौरान सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सेवराई गजराज सिंह यादव, क्षेत्राधिकारी जमानियां अंकित तिवारी, तहसीलदार सेवराई सुशील कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक गहमर नन्द कुमार तिवारी,ग्राम प्रधान बलवंत सिंह बाला, सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें