धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का लिया जायजा, अधिकारियों को समयसीमा में काम पूरा कराने के निर्देश
मऊ। जिले के युवाओं को तकनीकी शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। उत्तर प्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से मऊ में करीब 18 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) का निर्माण कराया जा रहा है। शुक्रवार को अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने निर्माणाधीन संस्थान का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने भवन निर्माण की गुणवत्ता, कार्य की वर्तमान स्थिति और संस्थान में प्रस्तावित बुनियादी सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराया जाए और परियोजना को तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए।
राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि मंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के समय उन्होंने मऊ की जनता से राजकीय आईटीआई की स्थापना का वादा किया था। अब यह परियोजना निर्माण के चरण में पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि इस संस्थान के शुरू होने से मऊ और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को आधुनिक तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। संस्थान के माध्यम से युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के साथ उन्हें रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने में मदद मिलेगी।
राज्यमंत्री ने कहा कि मऊ की जनता से किया गया वादा पूरा करना उनकी प्राथमिकता है। यह संस्थान जिले के युवाओं के हुनर को निखारने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
