भांवरकोल (गाजीपुर)। ब्लॉक मुख्यालय परिसर में नवनिर्मित रामेश्वरम मंदिर का प्रथम वार्षिक स्थापना दिवस गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख श्रीमती श्रद्धा राय एवं भाजपा नेता तथा प्रमुख प्रतिनिधि आनंद राय (मुन्ना) ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत भोजपुरी गायक गोलू राजा ने देवी वंदना से की। इसके बाद उन्होंने एक से बढ़कर एक भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
वहीं भोजपुरी गायिकाओं करीना पांडेय, सविता पांडेय और अनुपमा यादव ने अपनी सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियों से भक्ति की सरिता बहाई। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर श्रोता देर शाम तक झूमते रहे।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख श्रीमती श्रद्धा राय ने कार्यक्रम में पहुंचे भोजपुरी कलाकारों एवं जनप्रतिनिधियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख श्रीमती श्रद्धा राय ने की, जबकि संचालन सतीश राय ने किया।
इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख बक्सर सुनिता राय, अवधेश राय, अभिजीत राय उर्फ राहुल,घूरा सिंह , शशांक शेखर राय, श्याम राज तिवारी, राजेश मिश्रा, नीरज राय, गोलू राय, पुणेंन्दू राय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
सुरक्षा के लिहाज से कुल 11 थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही। पुलिसकर्मी पूरे कार्यक्रम के दौरान मुस्तैदी से ड्यूटी पर तैनात रहे, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।अनन्त में भाजपा नेता आनंन्द राय मुन्ना ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार जताया।
