सेवराई (गाजीपुर)। पं. दीनदयाल उपाध्याय-दानापुर रेलखंड के भदौरा रेलवे स्टेशन पर रेलवे ने दीपावली से पूर्व बड़ी सौगात दी है। स्टेशन के दोनों प्लेटफॉर्म पर सौर ऊर्जा से संचालित करीब 20 लाइटें लगाई गई हैं। इससे स्टेशन पर रात के समय प्रकाश की उत्तम व्यवस्था हो गई है और दैनिक रेल यात्रियों व स्थानीय लोगों में हर्ष का माहौल है।
स्थानीय रेलयात्री उमाशंकर श्रीवास्तव ने बताया कि भदौरा स्टेशन पर पहले रात के समय पर्याप्त प्रकाश न होने से यात्रियों को आने-जाने में काफी परेशानी होती थी। इसको लेकर फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल एवं अन्य सामाजिक संगठनों ने कई बार रेलवे के उच्च अधिकारियों को पत्राचार कर अवगत कराया था। इसके बाद दीपावली से पूर्व विभाग ने दोनों प्लेटफॉर्म पर सौर लाइटें लगवा दीं।
लाइट लगने के बाद अब बिजली न रहने पर भी प्लेटफॉर्म पर पर्याप्त प्रकाश बना रहेगा, जिससे यात्रियों का आवागमन सुलभ होगा। इस पहल की विशाल सिंह चंद्रवंशी, विवेक वर्मा, सचिन जायसवाल, प्रदीप सहित अन्य युवाओं ने सराहना की है और रेलवे प्रशासन का आभार जताया है।
