नीलगाय की टक्कर से बाइक सवार दंपती हादसे का शिकार, पत्नी की मौत; पति गंभीर


सेवराई (गाजीपुर)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के एनएच-124सी पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में नीलगाय की टक्कर से बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, गहमर थाना क्षेत्र के सतरामगंज बाजार निवासी संजय कुमार सिंह उर्फ कलक्टर सिंह पुत्र स्व. लालजी सिंह सोमवार को अपनी पत्नी रंजना देवी (50) के साथ बाइक से रेवतीपुर थाना क्षेत्र के नौली गांव में आयोजित यज्ञ में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान एनएच-124सी पर महावीर मंदिर से करीब 200 मीटर आगे एक बंद पड़े ढाबे के समीप अचानक नीलगाय सड़क पर आ गई। इससे पहले कि बाइक सवार दंपती कुछ समझ पाते, नीलगाय ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार पति-पत्नी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में रंजना देवी को गंभीर चोटें आईं। घटनास्थल पर जुटे राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद रंजना देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, संजय कुमार सिंह उर्फ कलक्टर सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही सेवराई पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय गाजीपुर भेज दिया। हादसे के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है। जिस दंपती को यज्ञ में शामिल होने जाना था, वहां से परिवार को इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलने से परिजन बदहवास हो गए।

इस संबंध में चौकी प्रभारी एसपी पांडेय ने बताया कि मृतका का पंचनामा कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय गाजीपुर भेज दिया गया है। पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें