धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
रामघाट बंधा मोड़ के पास चेकिंग के दौरान पुलिस को मिली सफलता, बरामद गांजे की कीमत करीब 1.40 लाख रुपये
मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान 13.370 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ आजमगढ़ निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और 400 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। इसके अलावा मादक पदार्थ की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही ऑल्टो K-10 कार को भी जब्त किया गया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत 30 अक्टूबर 2026 को मुहम्मदाबाद गोहना पुलिस टीम रात्रि गश्त और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान रामघाट बंधा मोड़ के पास एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके पास से 13.370 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार युवक की पहचान कार्तिकेय तिवारी (करीब 20 वर्ष), पुत्र प्रभाकर तिवारी, निवासी भदुली, थाना सिधारी, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से एक ओप्पो टच स्क्रीन मोबाइल फोन, 400 रुपये नकद और तस्करी में प्रयुक्त ऑल्टो K-10 कार (नंबर UP 50 AP 3330) भी बरामद की।
इस मामले में थाना मुहम्मदाबाद गोहना में मुकदमा संख्या 370/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मऊ सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार तथा क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना जितेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण एवं नेतृत्व में की गई।
