धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दक्षिण टोला थाना पुलिस, स्वाट और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन कथित गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 30 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4.50 लाख रुपये बताई गई है। गांजा दो ट्रॉली बैग और एक पिट्ठू बैग में रखा गया था।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक मऊ सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर नितेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम 29 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 4:35 बजे हाईवे पर चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान मटलबपुर थाना क्षेत्र के पास हाईवे पर तीन संदिग्ध व्यक्ति ट्रॉली बैग और पिट्ठू बैग के साथ मिले। पूछताछ और बैगों की तलाशी लेने पर उनमें गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतिश यादव निवासी चौरी सतबहवां, थाना चौरीचौरा, जनपद गोरखपुर; साहिल दुबे निवासी खानपुर छोटा, थाना परेना, जनपद महाराजगंज; और नीरज सोनकर निवासी मदरहां, थाना बड़हलगंज, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
ओडिशा से गांजा लाने की बात कबूली
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे ओडिशा के बलांगीर जंक्शन से गांजा लेकर गोरखपुर जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने गांजे की खरीद-बिक्री से जुड़े अपने बयान में एक अज्ञात व्यक्ति का भी जिक्र किया है। मामले में गांजे के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस ने बताया कि बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर दक्षिण टोला थाने में मुकदमा संख्या 152/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में मामला दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के लिए चालान किया गया।
मऊ पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
