घोसी में मेडिकल स्टोर का निरीक्षण, तीन दवाओं के खरीद बिल नहीं मिले


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

अनुभव प्रमाण पत्र और लाइसेंस से जुड़े अभिलेख भी नहीं मिले, पांच दिन में बिल प्रस्तुत करने का निर्देश

मऊ/घोसी। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने घोसी स्थित एक थोक दवा विक्रय प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। इस दौरान औषधि लाइसेंस प्रदर्शित नहीं मिला। वहीं, भंडारित दवाओं में से तीन के खरीद बिल प्रस्तुत नहीं किए जा सके। विभाग ने संबंधित दवाओं के नमूने जांच के लिए संकलित किए हैं। साथ ही, फर्म को पांच दिन के भीतर खरीद बिल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

आयुक्त, उत्तर प्रदेश एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में थोक दवा विक्रय प्रतिष्ठानों और गोदामों की अनुज्ञप्तियों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मेसर्स रिया मेडिकल स्टोर, निकट विजय सिनेमा हॉल, घोसी का निरीक्षण किया। इस दौरान फर्म स्वामी एवं विक्रय के लिए अनुमोदित व्यक्ति सचिन कुमार मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान पर औषधि अनुज्ञप्ति प्रदर्शित नहीं मिली। इसके अलावा भंडारित दवाओं में से तीन के क्रय बिल मांगे जाने पर संबंधित अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इस पर विभागीय टीम ने तीनों दवाओं के नमूने परीक्षण के लिए संकलित किए।

अनुभव प्रमाण पत्र भी सत्यापन के लिए नहीं हुआ प्रस्तुत

निरीक्षण में फर्म स्वामी की ओर से अनुज्ञप्ति प्राप्त करने के लिए आवश्यक अनुभव संबंधी अभिलेख भी उपलब्ध नहीं कराए गए। इसके अतिरिक्त श्री रुक्मानन्द मद्धेशिया के पक्ष में हाल ही में जारी अनुभव प्रमाण पत्र भी सत्यापन के लिए प्रस्तुत नहीं किया गया। निरीक्षण में मिली इन कमियों को विभाग ने अपनी आख्या में दर्ज किया है।

विभाग ने संबंधित फर्म को संकलित दवाओं के क्रय बिल उपलब्ध कराने के लिए पांच दिन का समय दिया है। वहीं, आवश्यक विभागीय कार्रवाई के लिए निरीक्षण आख्या औषधि अनुज्ञापन प्राधिकारी (विक्रय), आजमगढ़ मंडल, आजमगढ़ को भेज दी गई है।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अनुसार, जिले के सभी थोक दवा विक्रय प्रतिष्ठानों और गोदामों का निरीक्षण एवं सत्यापन पूरा होने तक अभियान जारी रहेगा। संकलित दवाओं की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें