धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन मऊ के परेड ग्राउंड में आयोजित मंगलवार परेड की सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ और फिट रहने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के बाद पुलिसकर्मियों से परेड ग्राउंड में दौड़ भी लगवाई गई।
निरीक्षण के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ने यूपी-112 एवं विभिन्न थानों से आए वाहनों की गहन जांच की। उन्होंने पीआरवी वाहनों पर तैनात पुलिसकर्मियों से दंगा नियंत्रण एवं सुरक्षा संबंधी उपकरणों की उपलब्धता और उनके रखरखाव की जानकारी ली। साथ ही वाहनों में मौजूद उपकरणों की जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्द, स्टोर, परिवहन शाखा, मेस, पुलिस बैरक और परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा पुलिस लाइन परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस लाइन में तैनात विभिन्न पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
