सेवराई (गाजीपुर)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के भदौरा ब्लाक के गोड़सरा गांव में सार्वजनिक सुविधाओं को नुकसान पहुंचाने और विकास कार्यों में बाधा डालने का मामला सामने आया है। प्रधान प्रतिनिधि रिजवान खान ने अराजक तत्वों पर गांव के पूरब स्थित बगीचे में लगे हाईमास्ट टावर लाइट का करीब 150 मीटर केबल काटने तथा फतेह जूनियर हाईस्कूल की , पंचायत भवन, बलुआ फिल्ड की लाइट तोड़ने का आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित तहरीर दी है।
तहरीर में गांव के ही कुछ मनबढ़ युवकों को उक्त घटना का अंजाम देकर प्रधान की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
प्रधान प्रतिनिधि रिजवान खान ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और विकास कार्यों में बाधा डालने के आरोपों की पड़ताल कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
