हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल है उतरांव की रामलीला, अहसान अंसारी निभाते हैं रावण का किरदार


उतरांव। गाजीपुर जनपद के उतरांव ग्रामसभा में प्रसिद्ध रामलीला का शुभारंभ नारद मोह प्रसंग के साथ हुआ। करीब दस दिनों तक चलने वाली इस रामलीला को देखने के लिए दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचते हैं। इसकी सबसे बड़ी खासियत हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारा है, जहां दोनों समुदायों के लोग न केवल रामलीला में अभिनय करते हैं, बल्कि आयोजन में बढ़-चढ़कर सहयोग भी देते हैं।

इस रामलीला में मुस्लिम समुदाय के अहसान अंसारी रावण की भूमिका निभाते हैं। धार्मिक आस्था से जुड़े इस आयोजन में उनकी भागीदारी सांप्रदायिक सौहार्द की अनूठी मिसाल पेश करती है। गांव के लोगों के सामूहिक सहयोग से आयोजित होने वाली यह रामलीला क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखती है।

रामलीला के निर्देशक विनय कुमार तिवारी ने दैनिक भास्कर की टीम से बातचीत में बताया कि आयोजन की तैयारी काफी पहले से शुरू हो जाती है। कलाकारों को अपने-अपने पात्रों के संवाद, अभिनय और मंचन का अभ्यास कराया जाता है। बेहतर प्रस्तुति के लिए कलाकार लंबे समय तक मेहनत करते हैं। इसी सामूहिक प्रयास का परिणाम है कि रामलीला दर्शकों के बीच विशेष लोकप्रियता रखती है।

वहीं, रामलीला प्रबंधन से जुड़े हरिहर तिवारी ने कहा कि इस आयोजन की खास पहचान गांव के लोगों और मुस्लिम समुदाय के सदस्यों का सहयोग है। सभी मिलकर रामलीला को सफल बनाने में जुटते हैं। गंगा-जमुनी तहजीब पर आधारित यह आयोजन सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश देता है।

पहले दिन कलाकारों ने मोहा मन…

रामलीला के पहले दिन विभिन्न कलाकारों ने अपने अभिनय से दर्शकों का मन मोह लिया। भगवान राम की भूमिका बंटी उर्फ आशीष तिवारी ने निभाई, जबकि भगवान शंकर के रूप में विनोद कुशवाहा और नारद की भूमिका में शिवजी गुप्ता नजर आए। ब्रह्मा की भूमिका में जीवित प्रसाद गुप्ता ने मंचन किया। कलाकारों की प्रस्तुति को दर्शकों ने सराहा और पूरे आयोजन के दौरान उत्साह का माहौल बना रहा।

उतरांव की यह रामलीला धार्मिक परंपरा के निर्वहन के साथ-साथ सामाजिक समरसता का संदेश भी दे रही है। यहां मंच पर निभाए जाने वाले पात्रों से आगे बढ़कर गांव के लोग आपसी सहयोग और सद्भाव की ऐसी मिसाल पेश करते हैं, जो समाज को एकता के सूत्र में बांधने की प्रेरणा देती है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें